एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे का कहना है कि धोखाधड़ी के दो आरोपी सलमान सिद्दीकी और नितेश भारद्वाज को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है। अन्य की तलाश जारी है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि जिले में और जिले के बाहर 500 महिलाओं के साथ धोखाधड़ी हुई है। जिनसे धन लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस तरह से करीब 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
2017 में पंजीकृत कराया था एनजीओ
एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सलमान सिद्दीकी ने पूछताछ में बताया है कि गुलनाज प्रशिक्षण केंद्र वर्ष 2017 में पंजीकृत कराया गया था। प्रशिक्षण केंद्र में दो जिला प्रभारी नियुक्त किए गए। 45 सुपरवाइजर एवं गांव स्तर पर 450 सेंटर बनाए गए। जिला प्रभारियों को 50-50 हजार रुपये।
सुपरवाइजरों से 40-40 हजार रुपये और सेंटर पर नियुक्त टीचरों से 3500 रुपये एडवांस सिक्योरिटी के रूप में लिए। जिसके एवज में क्रमश: जिला प्रभारी को 20 हजार, सुपरवाइजर को 15 हजार व सेंटर टीचर को 3500 रुपये वेतन देने का वादा किया, लेकिन किसी को वेतन नहीं दिया और वसूला धन हड़प लिया।
सीओ पटियाली के नेतृत्व में टीम गठित
धोखाधड़ी का बड़ा मामला होने के कारण एसपी ने टीम का गठन किया है। इस टीम में पटियाली पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच को भी जांच पड़ताल और साक्ष्य संकलन के लिए लगाया गया है।