प्राथमिक विद्यालय वेलाहार से चोरी गया पंखा, प्राथमिक विद्यालय ग्वालटोली से बल्व चोरी
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूल चोरों के निशाने पर हैं। विभागीय अनदेखी और इंतजामों की कमी के कारण वित्तीय वर्ष 2020-21 में बेसिक स्कूलों से 20 लाख से अधिक का मिडडे मील और अन्य सामान चोरी चला गया। 800 स्कूलों में चोरी के बाद विभाग को दोहरे इंतजाम करने पड़े वहीं व्यवस्थाएं भी प्रभावित हुईं। वहीं प्रधानाध्यापकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
बीएसए कार्यालय में निर्माण विभाग के पास दर्ज रिकार्ड के अनुसार शिक्षा सत्र 2020-21 में जिले के 800 बेसिक स्कूलों से चोरी की गई। चोरों ने यहां से मिडडे मील का गैस सिलिंडर व अन्य सामान चोरी किया। साथ ही स्कूल से कुर्सी मेज आदि भी ले गए थे।
बेसिक स्कूलों में चोरी का सबसे बड़ा कारण है कि अधिकतर स्कूलों में बाउंड्रीवाल और निगरानी के लिए कोई चतुर्थश्रेणी कर्मचारी नहीं है। स्कूलों में आए दिन होने वाली चोरी से प्रधानाध्यापकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानाध्यापक अनिल कुमार ने बताया कि जब कोई प्रधानाध्यापक रिपोर्ट दर्ज कराने जाता है तो पुलिस उससे सीधे बात नहीं करती है।
शासन ने चतुर्थश्रेणी कर्मचारी की नियुक्ति के विभाग को दिए थे आदेश
पूर्व में चोरी की घटनाओं को देखते हुए शासन ने बेसिक स्कूलों में निगरानी के लिए चतुर्थश्रेणी कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए थे। लेकिन आज तक तैनाती के संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है। हर साल लाखों का सामान चोरी किया जा रहा है।
नलों की टोटियां भी ले गए चोर
ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बेसिक स्कूलों में मल्टीपल हैंडवाश की व्यवस्था की गई है। अब चोरों ने इन नलों की टोंटियां ही चोरी करना शुरू कर दिया है। जिला समन्वयक निर्माण सुशील कुमार को भेजी गई जानकारी के अनुसार जिले में 200 से अधिक विद्यालयों से वित्तीय वर्ष 2020-21 में नलों की टोटियां चोरी कर ली गई है।
केस-एक
प्राथमिक विद्यालय बेलाहार
26 मार्च 2021 को इस विद्यालय में चोरों ने कुंडा काटकर चोरी की। विद्यालय में लगे बिजली के पंखे चोरी कर लिए। वहीं बिजली की लाइन को भी नुकसान पहुंचाया।
केस-दो
उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलाहार
26 मार्च को ही इस विद्यालय को चोरों ने निशाना बनाया। विद्यालय से मिडडे मील का सामान, पंखे, रेडियो, गैस सिलिंडर, गैस चूल्हा आदि चोरी कर लिया।
केस-तीन
प्राथमिक विद्यालय लहरा महुअन
आठ अप्रैल को प्राथमिक विद्यालय लहरा महुअन को चोरों ने निशाना बनाया। यहां से एलईडी और टोंटी चोर चोरी कर ले गए।
बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों के सहयोग से वित्तीय वर्ष 2020-21 में बेसिक स्कूलों में बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया है। जो विद्यालय शेष बचे हैं उनमें भी शीघ्र बाउंड्रीवाल कराने के प्रयास किए जाएंगे। चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।