आगरा में एत्मादपुर थाना पुलिस ने एक सटीक सूचना पर हाईवे के लुटेरों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था। ड्राइवर और क्लीनर
को बेहोश कर ट्रक लूट लेता था। इसमें लदा सामान आसपास के जिलों में बेच देता था। बाद में ट्रक को भी बेच दिया जाता था। गिरोह 50 से अधिक वारदात कर चुका है।
इस गिरोह का सरगना जंगेश है। उस पर दस केस दर्ज हैं। गिरोह के सदस्य संजीव जैन पर नौ केस हैं। इसी तरह सभी बदमाशों पर मुकदमे हैं। गिरोह अपने साथ नशीला पदार्थ लेकर चलता है। ट्रक में लिफ्ट लेता है। ड्राइवर को धोखे से नशीला पदार्थ सुंघाता है।
क्लीनर को बंधक बनाता है। कई जगह क्लीनर को भी बेहोश किया। इसके बाद ट्रक को लूट लेते हैं। एसपी पश्चिम अखिलेश नारायण ने प्रेस वार्ता में बताया कि एत्मादपुर पुलिस की टीम काफी समय से गिरोह की तलाश में लगी थी।
हाल ही में कीं वारदात
- 13 सितंबर को कुबेरपुर के पास चीनी से लदे ट्रक को लूटा, ड्राइवर को डौकी में फेंका।
- 19 जुलाई को सेलिंग फैन से लदा खंदौली में डीसीएम लूटा।
- नुनिहाई में खल से भरा ट्रक लूटा, सामान को टूंडला ले जाकर बेच दिया।
इन्हें पकड़ा गया
फिरोजाबाद के नगला सिंधी का जागेश उर्फ जुगेश उर्फ जंगेश, हाथरस के सहपऊ के सिखरा का संजीव जैन उर्फ भूरा, जैन गली, गांधी मंडी, सिरसागंज का
मयंक गुप्ता उर्फ श्याम, सिरसागंज के खेमखंज सुदामापुरी का जयप्रकाश जाटव उर्फ जेपी।
ये अभी फरार हैं
सिरसागंज के मियां बाजार का मुबारिक, टूंडला के मोहम्मदाबाद का भूरा निषाद और बबूल ठाकुर ।