मथुरा के गोवर्धन में गुरुवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश के दौरान तेज हवा के कारण कई पेड़ गिर गए। मथुरा-गोवर्धन मार्ग पर एक पेड़ चलती कार के ऊपर गिर गया। कार में सवार दरोगा समेत तीन लोग घायल हो गए। चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी गोवर्धन में भर्ती कराया।
गुरुवार को कार चालक दरोगा नरेंद्र सिंह मुड़िया पूर्णिमया मेले में ड्यूटी पर आए थे। शाम को गोवर्धन आ रहे थे, तभी महमदपुर बाईपास के निकट तेज हवा के साथ आई बारिश में एक पेड़ उनकी कार के ऊपर गिर पड़ा। कार चला रहे दरोगा नरेंद्र सिंह, शिवशंकर व अन्य एक व्यक्ति घायल हो गया, जिन्हें स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने शिवशंकर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सा अधीक्षक वीएस सिसौदिया ने बताया कि बारिश में पेड़ गिरने से कार में दबकर शिवशंकर घायल हुआ है। घायल का उपचार किया जा रहा है। उधर, बारिश में पेड़ गिरने से सड़क पर यातायात काफी देर तक बाधित रहा।