फतेहाबाद। फिरोजाबाद-फतेहाबाद मार्ग पर लोहिया कोल्ड स्टोरेज के पास शनिवार की रात ऑटो सवार किन्नरों से तीन बदमाशों को पीटकर बैग लूट लिया और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना रसूलपुर फिरोजाबाद निवासी किन्नर आरजू व सनम ने बताया कि ऑटो करके अपने गुरु को देखने बाह जा रही थीं। रात करीब 8:30 बजे जब उनका ऑटो लोहिया कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचा तो तीन अज्ञात व्यक्तियों ने ऑटो रुकवाकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने दोनों किन्नरों को पीटा और बैग लूटकर भाग निकले। बैग में करीब दस हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन रखा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि ऑटो में साथ में एक युवक बैठकर आया था। किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ है। उसने अपने साथी बुला लिए बैग लेकर भाग गया है।