कासगंज। लॉकडाउन में थमे मथुरा-छपरा सुपरफास्ट ट्रेन 8 महीने बाद फिर से रफ्तार भरेगी। 28 दिसंबर से इस त्रिसाप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। रेलवे ने इसकी नई समयसारिणी जारी कर दी है।
अपडाउन ट्रेन संख्या 05117/05118 प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। छपरा से यह ट्रेन निर्धारित दिनों में सुबह 5:20 बजे चलेगी जो शाम 7:20 बजे कासगंज जंक्शन पर पहुंचेगी। यहां से यह ट्रेन मथुरा की ओर रवाना होगी।
मथुरा से यह ट्रेन निर्धारित दिनों में रात 11:50 बजे चलेगी जो रात में 1:40 बजे कासगंज जंक्शन आएगी। यहां से ट्रेन कानपुर-छपरा की ओर रवाना होगी। कोविड गाइडलाइन को लेकर भी रेलवे ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। बता दें कि यह ट्रेन लॉकडाउन के कारण मार्च माह से बंद चल रही थी।
22 कोच की होगी ट्रेन
सुपरफास्ट त्रिसाप्ताहिक ट्रेन में एसएलआरडी के दो, साधारण द्वितीय श्रेणी के 8, शयनयान श्रेणी के 7, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 2, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 1 कोच लगाया जाएगा। कुल 22 कोच की यह ट्रेन होगी।
- छपरा-मथुरा वाया कासगंज ट्रेन का संचालन 28 दिसंबर से शुरू हो रहा है। प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को यह ट्रेन चलेगी। समय सारिणी जारी कर दी गई है। - राजेंद्र सिंह, पीआरओ।