कासगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। रेल यात्रियों का एक महीने तक सफर मुश्किल भरा रहेगा। कानपुर ट्रैक की दो ट्रेनें सोमवार से रद्द कर दी गई हैं। वहीं दो सुपरफास्ट ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर एक ट्रेन के समय में परिवर्तन किया गया है। कानपुर ट्रैक पर मरम्मत का काम होने के कारण रेलवे ने यह निर्णय लिया है।
रेलवे ने कानपुर ट्रैक पर मरम्मत की जरूरत को महसूस किया। ऐसे में रेलवे ने कासगंज से चलकर लखनऊ जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 55326 एवं लखनऊ से चलकर कासगंज आने वाली एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 55325 को निरस्त कर दिया है। वहीं कासगंज-कानपुर-अनवरगंज के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 15038 का समय बदला गया है। यह ट्रेन प्रतिदिन 12 बजे कासगंज जंक्शन से रवाना होती है, लेकिन अब यह ट्रेन प्रतिदिन एक बजे रवाना होगी। ट्रेन संख्या 19021 लखनऊ साप्ताहिक एक्सप्रेस एवं ट्रेन संख्या 19022 मुंबई बांद्रा ट्रेन का रूट बदला गया है यह ट्रेनें वाया टूंडला गुजरेंगी।
मालगाड़ियों का भी कम होगा दबाव
कासगंज। रेल ट्रैक पर मरम्मत के काम के दौरान मालगाड़ियों का दबाव भी कम किया जाएगा। मथुरा से कानपुर की ओर जाने वाले कई मालगाड़ियों को आवश्यकता पड़ने पर टूंडला होकर निकाला जाएगा। रेलवे काम पूरा होने तक विशेष परिस्थितियों में ही मालगाड़ी निकालेगा।
- रेल ट्रैक पर काम किए जाने के कारण दो ट्रेनें रद्द की गई हैं और एक का समय बदल दिया गया है। जिन साप्ताहिक ट्रेनों का रूट बदला गया है वह पूर्वोत्तर रेलवे की नहीं है।
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ।