राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (एनएच-2) पर आगरा का सबसे लंबा शाहदरा फ्लाईओवर नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। 1.09 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का कार्य तीन साल से चल रहा है। फ्लाईओवर की आगरा से फिरोजाबाद की ओर जाने वाली लेन बनकर तैयार हो चुकी है। दूसरी लेन पर भी 80 फीसदी कार्य हो चुका है। इस फ्लाईओवर पर यातायात शुरू होने से हाईवे पर ट्रैफिक की रफ्तार में इजाफा हो जाएगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने एनएच-2 पर शाहदरा चुंगी चौराहे पर फ्लाईओवर के निर्माण का काम तीन साल पहले शुरू किया था। निर्माणदायी एजेंसी ओरिएंटल कंपनी ने 2017 में शाहदरा चुंगी चौराहे पर फ्लाईओवर का काम शुरू किया था। तकरीबन एक साल तक यहां आसपास जमीन अधिग्रहण और कब्जे हटाने के कारण काम अवरुद्ध रहा।
अब लॉकडाउन में इसका काम दोबारा शुरू हो गया। इसमें वजनी गर्डरों की लांचिंग का कार्य लॉकडाउन के दौरान पूरा कर लिया गया। यातायात के सामान्य रहने पर गर्डर लांचिंग की जाती तो यातायात को बंद करना पड़ता। आगरा से फिरोजाबाद की ओर जाने वाली लेन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसमें आठ स्पॉन बनकर तैयार हो चुके हैं। फिरोजाबाद से कानपुर की ओर जाने वाली लेन पर 80 फीसदी से ज्यादा कार्य हो चुका है।
तीन फ्लाईओवरों से अलग है डिजाइन
सुल्तानगंज की पुलिया और खंदारी फ्लाईओवर की साइड वॉल टाइल्स से तैयार की गई हैं। इनमें दो बार दरारें आ चुकी हैं। ओरिएंटल कंपनी ने इसे देखते हुए इस अंडरपास की साइड वॉल के डिजाइन में बदलाव किया। इसकी साइड वॉल पत्थर की बनाई गई है।
रुनकता से जिगजैग हाईवे पर 10 पुल
एनएच-2 पर रुनकता से लेकर शाहदरा फ्लाईओवर तक सड़क मार्ग जिगजैक हो जाएगा। रुनकता से शाहदरा फ्लाईओवर तक के करीब 20 किलोमीटर के सड़क मार्ग पर 10 पुलों से होकर गुजरना होगा। रुनकता अंडरपास, सिकंदरा मंडी अंडरपास, खंदारी फ्लाईओवर, भगवान टाकीज पुल, सुल्तानगंज, वाटरवर्क्स फ्लाईओवर, यमुना का पुल, रामबाग पुल, रॉयल अंडरपास के बाद शाहदरा फ्लाईओवर पर पहुंचेंगे। 10वां फ्लाईओवर आईएसबीटी पर निर्माणाधीन है।
फिनिशिंग कार्य शेष
एनएचएआई आगरा खंड के परियोजना निदेशक अरुण कुमार यादव ने कहा कि शाहदरा फ्लाईओवर का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। फिनिशिंग वगैरह और एक लेन के कुछ फीसदी काम शेष हैं। हमारी कोशिश है कि इस फ्लाईओवर को नवंबर के अंतिम सप्ताह तक शुरू कर दें। यह जिले में सबसे लंबा पुल है।