मेट्रो अधिकारियों से बात करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा में एमजी रोड के एसबीआई तिराहे पर जाम की समस्या के निदान के लिए पुलिस ने नया प्लान बनाया है। छीपीटोला से वाहन तिराहे की तरफ नहीं आकर जिला अस्पताल के सामने से साईं की तकिया चाैराहे की तरफ निकाले जाएंगे। एमजी रोड से छीपीटोला की तरफ वाहनों के जाने पर कोई रोक नहीं होगी।
एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि छीपीटोला-एसबीआई तिराहा मार्ग के दोनों तरफ से वाहन आते-जाते हैं। छीपीटोला की तरफ से वाहनों के आने की वजह से एमजी रोड पर वाहनों को रोका जाता है। इससे जाम लगने लगता है। कलेक्ट्रेट तक वाहनों की लाइन लग जाती है। इसको देखते हुए नया प्लान बनाया गया है। बिजलीघर, थाना रकाबगंज की तरफ से आने वाले वाहनों को जिला अस्पताल के सामने भेजा जाएगा। यहां से वाहन साईं की तकिया से कलेक्ट्रेट की तरफ टर्न ले सकेंगे। वहीं एसबीआई तिराहे से वाहन छीपीटोला की तरफ जा सकेंगे। छीपीटोला की तरफ से वाहन नहीं आने की वजह से कलेक्ट्रेट की तरफ से आने वाले वाहन साईं की तकिया की तरफ बिना रुके जा सकेंगे।
वहीं अवंती बाई चाैराहे से प्रतापपुरा तक मेट्रो के पिलर बनाने का काम एक सप्ताह बाद शुरु होगा। इसके लिए बैरिकेडिंग लगाने का काम शुरु हो गया है। इस कारण इस मार्ग से सिर्फ दो पहिया वाहन ही निकल सकेंगे। बाकी वाहन अवंती बाई चाैराहे से टैंक चाैराहे होकर नामनेर होते हुए गंतव्य को जाएंगे। छीपीटोला से रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली वाहन, सवारी वाहन, व्यापारियों के वाहनों का आवागमन रहता है। नई व्यवस्था से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
रावली से कलेक्ट्रेट के बीच भी पिलर बनना शुरु
एमजी रोड पर रावली मंदिर से कलेक्ट्रेट तक बैरिकेडिंग लगा दी गई हैं। यहां पर पिलर बनाने का काम शुरु होने वाला है। यहां पर बैरिकेडिंग की वजह से रोजाना जाम लगता है। अब मशीन लगाए जाने से समस्या और बढ़ जाएगी। इसको देखते हुए भी वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।