नहर की पटरी पर पलटा मिट्टी से भरा ट्रैक्टर, नीचे दबकर युवक की मौत
पिनाहट। थाना पिनाहट क्षेत्र के मर्दानपुरा गांव के पास बुधवार शाम मिट्टी से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नहर की पटरी पर पलट गया। ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठे युवक की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने बुलडोजर की मदद से ट्रैक्टर हटवाकर युवक के शव को बाहर निकलवाया।
हादसा शाम करीब छह बजे हुआ। पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव पातीराम का मोजा झोरिया निवासी सचिन (25) पुत्र ख्यालीराम लड़ऊआपुरा स्थित ईंट भट्ठे पर मिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठा था। मर्दानपुरा गांव के पास नहर की पटरी पर ट्रैक्टर फंस गया। बुलडोजर से ट्रैक्टर को धक्का लगवाया जा रहा था। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। चालक प्रताप ने कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन सचिन ट्रैक्टर के नीचे दब गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुलडोजर की मदद से ट्रैक्टर हटवाकर युवक के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सचिन की मौत से परिवार में चीख पुकार मच गई। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। सचिन की पत्नी सपना आठ माह की गर्भवती हैं। दो वर्षीय बेटा गोलू है। पति की मौत के बाद से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। एसीपी पिनाहट अनिल कुमार ने बताया मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच की जा रही है।