मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र में रामनगर के पास रविवार सुबह एक ट्रैक्टर नाले में पलट गया, आटा की पिसाई कर रहा युवक चक्की के नीचे दब गया। जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक मौत हो चुकी थी। युवक अपने बहनोई के घर रह कर आटा पीसने का काम करता था।
कन्नौज के थाना विशुनगढ क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी 22 वर्षीय सौरभ यादव करीब दो माह पहले एलाऊ क्षेत्र के गांव जितावरपुर निवासी बहनोई आदेश कुमार के घर आया था। वहां रह कर ट्रैक्टर में लगी चक्की से क्षेत्र में आटा व दाना पिसाई का काम कर रहा था। रविवार सुबह वह जागीर के पास रामनगर गांव में आटा की पिसाई कर रहा था। तभी ट्रैक्टर सड़क धसने से नाले में पलट गया। सौरभ ट्राली में लगी चक्की के नीचे दब गया। हादसे के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से सौरभ को चक्की हटा कर बाहर निकाला। मगर, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर पैतृक गांव बहादुर चले गए। वहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
सड़क हादसे में घायल वृद्ध ने तोड़ा दम
किशनी। कस्बा कुसमरा क्षेत्र के गांव कुंदनपुर निवासी कैलाश ने थाने में तहरीर दी। बताया कि 31 अक्तूबर को पिता रनवीर सिंह साइकिल से गांव आ रहे थे। रामनगर ऊंचा मार्ग पर एक बाइक चालक सूरज निवासी गावं चिरैयाहार ने चपेट में ले लिया। हादसे में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका उपचार मेडिकल कॉलेज सैफई में चल रहा था। वहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।