मैनपुरी। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देश पर रविवार को जिले के 57 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। प्रभारी जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह गौर ने बताया मेलों में 2835 मरीजों को उपचार दिया गया। 17 लोगों के आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाए गए। 65 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। 54 मरीजों की आभा आईडी बनाई गई।
जिले के चार अर्बन पीएचसी और 53 ग्रामीण पीएचसी पर स्वास्थ्य मेलों का आयोजन हुआ। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने अर्बन पीएचसी पर लगे मेलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में विशेष साफ-सफाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही अलग-अलग क्षेत्र में मेलों के निरीक्षण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए। नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार वर्मा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मैनपुरी ने अर्बन और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जागीर का निरीक्षण किया। डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार ने किशनी ,डॉ. अजय कुमार जिला प्रशिक्षण अधिकारी ने बरनाहल और कुचेला, डॉ. आशुतोष कुमार ने ब्लॉक बेवर , हिलाल अहमद जिला मलेरिया अधिकारी ने ब्लॉक सुल्तानगंज, सहायक मलेरिया अधिकारी विजय कुमार ने ब्लॉक करहल, डीसीपीएम राजीव कुमार ने ब्लॉक घिरोर ,डीपीएम संजीव वर्मा ने ब्लॉक कुरावली में तीन-तीन मेलों का निरीक्षण किया।