पानी की बाल्टी में डूबने से बच्चे की मौत। (प्रतीकात्मक फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी के नवीगंज चौकी क्षेत्र के ग्राम जनौरा में दो वर्षीय बालक की बाल्टी में गिर कर मृत्यु हो गई। जब इसकी जानकारी घरवालों को हुई तो कोहराम मच गया। जनौरा निवासी विश्राम सविता का लगभग 2 वर्षीय पुत्र आर्यन कल शाम 7:00 बजे अपने घर पर चारपाई के ऊपर खिलौनों के साथ खेल रहा था, तभी अचानक वह पास में रखे पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। जब तक परिजनों को इसकी जानकारी हुई तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजनों द्वारा बच्चे के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सबका लाडला था प्रशांत
गांव जनौरा में हुए हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पानी से भरी बाल्टी में गिरकर डेढ़ साल के बच्चे की मौत से घर में मातम छाया हुआ है। बच्चे का शव देखकर मां दहाड़ मारकर रो पड़ी वहीं पिता भी बेसुध हो गया। तीन भाई-बहनों में प्रशांत सबसे छोटा था, इसलिए वह सबका लाड़ला था।
गांव जनौरा में बच्चे की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। डेढ़ वर्षीय बेटे प्रशांत का शव देखकर मां बबली दहाड़ मारकर रो लगी। वहीं पिता विश्राम सविता भी बेसुध हो गए। परिजन और आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों को संभाला। शुक्रवार सुबह गमगीन माहौल में बच्चे के शव का अंतिम संस्कार किया गया। भाई की मौत से 13 वर्षीय बहन भावना भी विलख पड़ी। परिजन ने बताया कि हादसे ने हंसते खेलते परिवार की खुशियों को छीन लिया है। विश्राम सिंह के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी भावना 13 साल की तो वहीं बेटा नितिन तीन साल का है।