थानाध्यक्ष नीलम राणा ने बताया कि नेपाल से 11 जून को 40 लोगों का जत्था भारत भ्रमण के लिए निकला था। इसमें अधिकांश उम्रदराज हैं। मथुरा-वृंदावन में दर्शन करने के बाद जत्था करीब तीन बजे ताजमहल पहुंचा। इनकी बस पश्चिमी गेट पार्किंग पर खड़ी की। इसमें नेपाल के मधेश प्रदेश निवासी फेकन खत्बे (75) की गोरखपुर में लू लग गई थी, तब से इनकी हालत ठीक नहीं थी।
इसके चलते ये बस में ही बैठे रहे, इनके पास एक-दो साथी रह गए। करीब 5 बजे इनकी बस में ही मौत हो गई। इस पर इनके साथी चीख-पुकार करने लगे। डिस्पेंसरी से चिकित्सकीय टीम मौके पर बुलाई, इन्होंने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को एसएन मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस लाया गया है। परिजन पोस्टमार्टम न कराने की मना कर रहे हैं। इनके साथियों ने परिजनों को भी फोन पर सूचना दे दी है, शव को ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।
इनके साथ आए 10 साथी की ताजमहल में गर्मी से हालत खराब हो गई। चक्कर और घबराहट होने लगी। दो बेहोश हो गए। ताजमहल पर मौजूद चिकित्सकीय टीम के इलाज से 8 की हालत सामान्य हो गई। दो पर्यटक सुंदरानी और उपेंद्र चौधरी को फतेहाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें से सुंदरानी की हालत गंभीर है और आईसीयू में भर्ती हैं। उपेंद्र चौधरी की हालत में सुधार हो गया है और सामान्य वार्ड में भर्ती हैं।