शहर के एक विद्यालय में बच्चों के आने की सूचना पर रसोईघर के बाहर सफाई करतीं रसोइयां
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। करीब 11 महीने बाद बुधवार से उच्च प्राथमिक विद्यालय खुलेंगे। छह से आठ तक की कक्षाओं में पढ़ाई शुरू होगी। लंबे समय बाद विद्यालयों में चहल-पहल नजर आएगी। मंगलवार को दिनभर विद्यालयों तैयारियों चलती रहीं। कहीं फर्नीचर व्यवस्थित किए गए, तो कहीं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उपस्थिति सहित अन्य रजिस्टर तैयार किए।
लॉकडाउन के समय बंद हुए कक्षा छह से आठ तक के स्कूल 10 फरवरी से संचालित करने के निर्देश शासन ने दिए हैं। शासन के निर्देश पर बीएसए विजय प्रताप सिंह ने भी मंगलवार को जिले के प्रधानाध्यापकों और खंड शिक्षाधिकारियों व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। बीएसए ने शासनादेश के तहत कक्षाओं के संचालन की बात कही है। कक्षा संचालन के दौरान कोरोना गाइडलाइन के पालन के भी निर्देश दिए गए। मंगलवार को सुबह से ही स्कूलों में सफाई की गई। फर्नीचर आदि को व्यवस्थित किया गया।
इस प्रकार होगा कक्षाओं का संचालन
कक्षा छह- सोमवार और बृहस्पतिवार
कक्षा सात- मंगलवार और शुक्रवार
कक्षा आठ- बुधवार और शनिवार
नौ बजे से तीन बजे तक संचालित होंगी कक्षाएं
बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शीतकाल में नौ बजे से तीन बजे तक विद्यालयों का संचालन होगा। नौ बजे से 9:55 बजे तक प्रार्थना, योग क्रियाएं और उपस्थिति दर्ज करने का कार्य किया जाएगा। 9:55 बजे से कक्षाएं संचालित होंगी।
सभी प्रधानाध्यापक बच्चों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था करें। कोविड-19 की गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन किया जाए। बच्चों को समयसारणी के अनुसार शिक्षा प्रदान की जाए। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। -विजय प्रताप सिंह, बीएसए