आगरा में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का असर दिखने लगा है। इस साल पहली बार एक दिन में 21 मरीज मिले हैं। इनमें से 16 मरीज नए क्षेत्रों के हैं। यह कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिए हैं। इससे पहले दिसंबर में एक दिन में इससे ज्यादा संक्रमण के 29 मरीज मिले थे।
तब से लगभग तीन महीने बाद एक दिन में सबसे ज्यादा मरीज पाए गए हैं। अब कुल संक्रमितों की संख्या 10677 पहुंच गई है, इसमें से 176 की मौत हो चुकी है। 10393 मरीज ठीक हो चुके हैं और 108 का अभी इलाज चल रहा है।
21 संक्रमित में तीन बच्चे, पांच महिलाएं
नए संक्रमितों में तीन बच्चे और पांच महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें जज कंपाउंड निवासी 14 साल, सूर्या इन्क्लेव में भी 14 साल का किशोर, उसकी मां और बसेरा दयालबाग में 12 साल का बच्चा संक्रमित हुआ है। खेरिया मोड में एक ही परिवार के दो सदस्य संक्रमित हुए।
ये नए कंटेनमेंट जोन
आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-10, बसई खुर्द ताजगंज, बसेरा नीयर पोहिया, दयाल अपार्टमेंट एलोरा इन्क्लेव, खंदारी कैंपस, मंटोला, नगला वृंदावन कोटली बगीची देवरी रोड, पुरानी विजय नगर कॉलोनी, सदर आगरा कैंट, शिवाजी नगर शाहगंज, सुभाष नगर, सूर्या इन्क्लेव नीयर खेलगांव, विनय नगर बोदला, अछनेरा, बाह और किरावली।
विश्वविद्यालय के कुलपति संक्रमित, बेटा भी पॉजिटिव
डॉक्टर भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अशोक मित्तल कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उनके बेटे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उनकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव है। कुलपति ने 19 मार्च को ही कोरोना वायरस की वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी। शनिवार को बुखार आने पर इन्होंने नमूने दिए थे।
एंटीजन जांच में पॉजिटिव आने के बाद आरटीपीसीआर जांच कराई गई, उसमें भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। सीएमओ डॉक्टर आरसी पांडे ने बताया कि कुलपति होम आइसोलेशन में है और उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। इनके संपर्क में आए लोगों की भी जांच कराई जाएगी।