मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की आज अंतिम तिथि
कासगंज। विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। मतदाता बनने के लिए मंगलवार को आखिरी मौका है। यदि इसमें चूक गए तो फिर अपने विधायक का चुनाव नहीं कर पाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि सूची पुनरीक्षण कार्य के लिए आयोग से 30 नवंबर तक की तिथि निर्धारित है। सूची में नाम जुड़वाने, नए मतदाता जोड़ने आदि की प्रक्रिया की जाएगी। बीएलओ या फिर तहसील में आवेदन किए जा सकते हैं। जो नागरिक 01 जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं अथवा ऐसे मतदाता जिनका नाम सूची में अंकित नहीं है वे आज ही आवेदन प्रारूप-6 भर कर जमा कर दें। किसी प्रविष्टि को हटाने के लिए प्रारूप-7 तथा संशोधन कराने के लिए प्रारूप -8 भरा जाएगा। मतदाता पंजीकरण के लिए अपने मोबाइल पर वोटर हेल्प लाइन एप डाउनलोड कर ऑनलाइन आवेदन कर स्वयं को मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। चुुनाव से पहले मतदाता बनने के लिए यह आखिरी मौका है।