भीड़ हिंसा की घटनाओं के खिलाफ शुक्रवार को अघोषित भारत बंद को लेकर आगरा मंडल में पुलिस को हाईअलर्ट किया गया है। आगरा समेत मंडल के सभी जिलों में कड़ी चौकसी बरती जा रही है। पुलिस को हाई अलर्ट किया गया है।
विज्ञापन
दंगा नियंत्रण योजना लागू कर आगरा को चार जोन और 15 सेक्टर में बांट दिया गया है। पीएसी, आरएएफ, आरआरएफ की भी तैनाती की गई है। मिश्रित आबादी वाले सभी इलाकों में गश्त कराई जा रही है। आगरा में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।
चार दिन पहले इसी मुद्दे पर मंटोला में हुए बवाल के बाद अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है। डीएम एनजी रवि कुमार, एसएसपी बबलू कुमार ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद शांति समिति की मीटिंग बुलाई।
विज्ञापन
अफवाहें न फैलन दें
समिति के सदस्यों ने कहा कि अफवाहें न फैलने दें, कहीं कोई विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहा हो तो पुलिस को सूचना दें। न किसी जुलूस की अनुमति दी गई है, न ही प्रदर्शन की। अगर किसी संगठन ने जुलूस निकाला या प्रदर्शन किया तो उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एहियात के तौर पर आगरा में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। इंटरनेट सेवा दोबारा कब शुरू होगी, इसकी अभी जानकारी नहीं मिली है। उम्मीद है कि शाम चार बजे के बाद इंटरनेट सेवा बहाल हो जाएगी। वहीं अघोषित भारत बंद का कोई असर नहीं दिख रहा है। रोजाना की तरह सभी बाजार खुले हुए हैं।
एडीएम सिटी केपी सिंह ने बताया कि आंदोलन की संभावना को देखते हुए शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी धरना और प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बाद भी यदि कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने गुरुवार को प्रमुख बाजारों में फ्लैगमार्च किया। इनमें मंटोला, सदर, एत्माद्दौला, नाई की मंडी, वजीरपुरा, सैयदपाड़ा, तेलीपाड़ा, सेवला, टेढ़ी बगिया, गोबर चौकी, बड़ा गालिबपुरा, तोपखाना शामिल रहा। एसएसपी बबलू कुमार और अन्य अधिकारी भी मार्च में मौजूद रहे।
एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। आसपास के जिलों से भी फोर्स मंगाई गई है। उधर, मंडल के अन्य जिलों में खास चौकसी बरती जा रही है। मथुरा, एटा कासगंज, फिरोजाबाद और मैनपुरी के संवेदनशील इलाकों मे फोर्स तैनात है।