मैनपुरी जिले में रविवार को भी कृषि विभाग के अधिकारी टिड्डी दल की तलाश में जुटे रहे। हालांकि कहीं से भी दल की सूचना न मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पांच-पांच सौ मीटर लंबे तीन टिड्डी दलों ने शनिवार को जिले में फसलों पर हमला किया था। एक दल जो जहां कृषि विभाग ने दवा का स्प्रे कर खत्म कर दिया था तो वहीं जिले भर में घूमने के बाद दो दल दूसरेेे जिलों में प्रवेश कर गए थे।
इसके बाद भी विभाग को आशंका थी कि कहीं अन्य कोई दल जिले में न हो। इसे देखते हुए सुबह से ही कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तलाश में निकले थे। दिन भर उन्होंने गांवों में खेत-खेत जाकर जानकारी की। उन्होंने टिड्डी दिखाई देने पर किसानों से तत्काल अवगत कराने के लिए कहा है।
टिड्डी के अंडों का भी है डर
कृषि विभाग को टिड्डी दल से अधिक टिड्डी द्वारा दिए गए अंडों का डर है। दरअसल टिड्डी तो चली गई है, लेकिन अगर उन्होंने अंडे दिए हैं तो इससे एक नया दल तैयार हो जाएगा। जो जिले में बड़ा नुकसान कर सकता है। इसके लिए विभाग अंडों की भी तलाश कर रहा है। हालांकि टिड्डीी के अधिक देर तक एक जगह न बैठने से इसकी संभावना कम ही है।
रविवार को कृषि विभाग की टीमें जानकारी जुटाती रहीं, लेकिन कहीं भी टिड्डी होने की सूचना नहीं मिली। अगर कहीं टिड्डी या अंडे दिखाई देते हैं तो तत्काल विभाग को सूचित करें।
डॉ. गगन दीप सिंह, जिला कृषि अधिकारी।