आगरा के थाना इरादतनगर क्षेत्र में बाजरा बेचकर लाैट रहे बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
हादसा शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे सैंया-इरादतनगर मार्ग पर मोहनपुर पुलिया के पास हुआ। गांव पनोता निवासी अनिल (25 वर्ष), जितेंद्र (40 वर्ष) और सोनवीर (22 वर्ष) अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर के कारण तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर राहगीर और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत एंबुलेंस और युवकों के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी सैंया ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए एसएस मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया।