टूंडला के गांव नगला गोला में हुई मारपीट में घायल महिलाएं
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। थाना टूंडला के गांव नगला गोला में रंजिशन मारपीट करने का मामला सामने आया है। गांव की अनीता पत्नी उपदेश के परिजनों का कुछ दिनों पूर्व किसी बात पर गांव के ही राकेश के परिवार से झगड़ा हो गया था। तब ग्रामीणों ने उनका राजीनामा करा दिया था। हालांकि पुलिस में दोनों पक्षों पर शांति भंग करने की धाराओं में मामला दर्ज है। इसी बात से नाराज होकर रविवार रात करीब आठ बजे राकेश करीब एक दर्जन लोगों के साथ लाठी डंडों के साथ घर में घुस आए।
आरोप है कि उक्त लोगों ने गाली, गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने शशी पत्नी हरिओम को बुरी तरह पीटा। उसे बचाने आए शादर पुत्र हरीओम, साक्षी पुत्री उपदेश, मिथिलेश पत्नी रामगोपाल व बॉक्सर पुत्र बृजेश कुमार के साथ भी मारपीट की गई। मारपीट में सभी को गंभीर चोटें आईं हैं। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे। ग्रामीणों के पहुंचते ही जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, किंतु एक भी हमलावर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। अनीता देवी ने वीरेन्द्र, विनोद कुमार, इंद्रपाल सिंह, राजू, राकेश कुमार, मोहित, आशू, शिवानी, सुनील उर्फ संजू, मंजू, दिनेश व नीमा निवासी गांव नगला गोला, थाना टूंडला के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करायी है। थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र कुमार का कहना है कि बलवा, घर में घुसकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही हैं। जल्द ही आरोपियों को जेल भेजा जायेगा।