19एमएनपी-19-कोतवाली द्वारा पकड़े गए वाहन चोरों से पूछताछ करते सीओ सिटी अभय नरायन राय
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार रात चेकिंग के दौरान तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच बाइकें बरामद की। शुक्रवार को सीओ सिटी ने प्रेसवार्ता कर खुलासे के संबंध में जानकारी दी।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर सीओ सिटी अभय नरायण राय ने तीन शातिर वाहन चोरों की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी दी। बताया कि बृहस्पतिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर स्वाट टीम प्रभारी आरएन यादव, इंस्पेक्टर कोतवाली भानुप्रताप ने पुलिस के साथ ज्योंति तिराहे के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी सिंधिया तिराहे की ओर से एक बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखे। पुलिस के रोकने पर बाइक सवार पीछे मुड़कर भागने लगे।
पुलिस कर्मियों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में चोरों ने अपने नाम सागर शर्मा निवासी गांव दुर्गा नगर गांधी पार्क नौरंगाबाद अलीगढ़, राहुल कुमार निवासी गांव शरीफपुर थाना कुरावली और सोमेश शर्मा निवासी गांव लखौरा कुरावली बताया। उनके पास मौजूद बाइक चोरी की थी। पूछताछ में बताया कि वे लोग वाहन चोरी व चोरी के वाहनों को बेचने का धंधा करते हैं। पुलिस ने पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर चोरी की चार अन्य बाइकें भी बरामद कीं।
अलीगढ़ और मैनपुरी से चोरी करते हैं वाहन
सीओ सिटी ने बताया कि पकड़े गए वाहन चोर अलीगढ़ और मैनपुरी से वाहनों को चोरी करते हैं। यह लोग वाहनों को सस्ते में बिक्री करने के साथ ही कबाड़ा में भी बेच देते हैं। वे बृहस्पतिवार को भी बाइकों को बेचने मैनपुरी आ रहे थे।