कासगंज। बाइक चोरों का गिरोह जिले में सक्रिय है। लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए सदर कोतवाली व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार रात तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की चार बाइकें बरामद हुई हैं। बाइक चोरों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सदर कोतवाली, एसओजी व सर्विलांस टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान बाइक चोर राजा शर्मा निवासी प्रोफेसर कॉलानी शिकोहाबाद, चमन उर्फ नन्हें निवासी मोहल्ला गफूरगंज मारहरा, नीरज निवासी भैंसोरा खुर्द को सोरों रोड बारह पत्थर मैदान के सामने से गिरफ्तार किया है। बताया गया कि पुलिस ने चार चोरी की बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। चोरों के खिलाफ सदर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि राजा शर्मा शातिर अपराधी है। कासगंज के अलावा उस पर पहले से 6 मामले फिरोजाबाद जनपद में दर्ज हैं।