फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के गुर्जा खंडेर गांव के सामने नागर रोड पर बृहस्पतिवार रात भाजपा कार्यकर्ता के ट्रक चालक भाई की गला काटकर हत्या के मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। शनिवार को डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजन को ढांढस बंधाया।
गांव राजापुरा निवासी भोला (36) पुत्र दीवान सिंह ट्रक चालक थे। परिजन के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम उनका दोस्त सोनू निवासी बिजौल का पुरा बाइक से उन्हें अपने साथ ले गया था। इसके बाद रात में गुर्जा खंडेर गांव के सामने नागर रोड पर भोला की गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई की तहरीर पर सोनू समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। पुलिस हत्या के पीछे रुपये के लेनदेन या अन्य किसी विवाद की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। मृतक के भाई महेश ने बताया घटना से पहले उनका भाई जिस मोटरसाइकिल से गया था, वह बरामद हो गई है। शनिवार को डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजन को ढांढस बंधाया और जल्द घटना के खुलासे का भरोसा दिया। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल से बात करने पर बताया के ट्रक चालक हत्याकांड के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई है। कुछ विशेष सुराग हाथ लगे हैं। जल्दी घटना का खुलासा होने की उम्मीद है।