बरनाहल के गांव इकहरा स्थित एक मदरसे से तीन छात्र भाग निकले। पड़ोस के गांव निबहरा पहुंचकर जान का खतरा बताया तो लोग थाने ले आए। घबराए छात्रों ने बताया कि आलिम (शिक्षक) उन्हें चाकू से गला काटने की धमकी देते हैं। खाना भी ढंग से नहीं देते और डंडा से मारपीट की जाती है। पुलिस ने कोई कार्रवाई न करते हुए मामले को रफा दफा कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव इकहरा निवासी तीन नाबालिग एक मदरसे में तालीम हासिल कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह वह नजर बचाकर वहां से भाग निकले। पड़ोस के गांव निबहरा पहुंचकर लोगों को बताया कि जान खतरे में है।
लोग तीन छात्रों को लेकर थाने पहुंच गए। छात्र बेहद भयभीत नजर आ रहे थे, जब उनसे भागने की वजह पूछी गई तो वह सहम गए। बताया कि मदरसा में तालीम के नाम पर उनके साथ मारपीट की जाती है। उन्हें भर पेट खाना तक नहीं दिया जाता।