मैनपुरी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मिलावट रोकने के लिए एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने करहल में चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने दूध और आइसकैंडी के तीन नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामसुंदर पटेल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके वर्मा और डॉ. राजीव कुमार ने करहल क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को बिना पंजीकरण या लाइसेंस के कारोबार न करने की चेतावनी भी दी। चेकिंग के दौरान जिला बदायूं के गांव बिलहरी निवासी शहजाद और गुलबाज खान से आइस कैंडी का एक-एक नमूना लिया।
इसके बाद गांव मानिकपुर निवासी अजीत कुमार से मिश्रित दूध का भी एक नमूना लिया। तीनों नमूने जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सभी खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को पंजीकरण और लाइसेंस लेना अनिवार्य है। विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग के दौरान अगर बिना पंजीकरण और लाइसेंस के कारोबार करते मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को चलाए गए अभियान में तीन नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
रामसुंदर पटेल, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी