कासगंज/सोरोंजी। तीर्थनगरी की कोतवाली पुलिस ने एक्सपेलर कारोबारी से हुई लूट व एक अन्य लूट के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन लुटेरे दबोचे हैं। एक लुटेरा फिरोजाबाद जनपद का रहने वाला है। सोरोंजी पुलिस ने लुटेरों के पास से 34,500 रुपये की नकदी, पल्सर बाइक, एक तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र में कल्याणपुर मार्ग के नगला कल्लू मेाड़ पर 17 जनवरी की रात को एक्सपेलर कारोबारी भूपेंद्र सिंह से बाइक सवार तीन लुटेरों ने डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूट ली थी। पुलिस ने तीर्थनगरी के ब्लॉक परिसर के पास बने यात्रीशेड क्षेत्र में पल्सर बाइक के साथ तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा। तीनों युवकों को गिरफ्त में ले लिया और उनसे पूछताछ की। पकड़े गए युवकों में रोहित निवासी गांव देवरी, धर्मेंद्र निवासी मोहल्ला नवाब, एवं राहुल निवासी बल्टीगढ़ा थाना मक्खनपुर जनपद फिरोजाबाद है।
युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से तमंचे, कारतूस और 34,500 रुपये की नकदी मिली। पूछताछ में उन्होंने एक्सपेलर कारोबारी से हुई लूट की वारदात के साथ एक और लूट की वारदात का खुलासा हुआ। 22 अक्तूबर को इन लुटेरों ने मिर्जापुर-मानपुर नगरिया मार्ग पर बाइक सवार युवक रवि कुमार से 78,000 रुपये की नकदी से भरा बैग छीन लिया था।