मैनपुरी। सराहनीय कार्य के लिए जिले में तैनात तीन पुलिसकर्मियों को इस बार सराहनीय सेवा सम्मान के लिए चयनित किया गया है। आईजी आगरा परिक्षेत्र पुलिसकर्मियों को मेडल व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित करेंगे।
पुलिस सेवा में रहकर अपने कार्य से अधिकारियों से लेकर जनता के बीच अपनी छवि को बेहतर बनाने का पुलिसकर्मियों द्वारा निरंतर प्रयास किया जाता है। जो पुलिसकर्मी इस कार्य में सफल होते हैं, उन्हें विभाग की ओर से बेहतर कार्य के प्रोत्साहन के रूप में सम्मान भी किया जाता है।
इस बार जनपद में तैनात तीन पुलिसकर्मी सराहनीय सेवा सम्मान पाएंगे। इसमें उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल सतीश सिंह और महिपाल सिंह शामिल हैं। तीनों पुलिसकर्मियों को गणतंत्र दिवस के मौके पर आईजी आगरा परिक्षेत्र नचिकेता झा मेडल और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित करेंगे।