बरहन। आंवलखेड़ा में शुक्रवार की रात सराफा की दुकान में नकब लगाकर चोरी करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी किए गए सामानों के साथ चोरी करने के उपकरण भी बरामद हुए हैं।
थानाध्यक्ष बरहन शेर सिंह के मुताबिक शनिवार की रात गश्त के दौरान जमाल नगर भैंस के पास तीन लोग किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं। संदिग्ध प्रतीत होने पर उनसे पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके पास से सोने-चांदी के जेवर, सब्बल, कटर, हथौड़ा आदि बरामद हुआ। इस पर तीनों को पकड़कर थाने लाया गया।
पूछताछ करने पर तीनों ने अपना नाम गजेंद्र निवासी चौकड़ा, बरहन, उदय निवासी सराय जयराम और देवेंद्र कश्यप निवासी आंवलखेड़ा बताया। शुक्रवार की रात आंवलखेड़ा में राजकुमार ज्वेलर्स की दुकान में नकब लगाकर चोरी करना कबूल किया। बरामद जेवर उन्हीं की दुकान से चोरी किए थे। पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले नगला स्वरूप स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी इन्हीं लोगों ने चोरी की थी।