सर्दी में निमोनिया और अस्थमा के मरीजों की बढ़ रही दिक्कतें
- जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 28 मरीज कराए गए भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सर्दी के बीच जिले में निमोनिया के साथ अस्थमा के मरीजों की दिक्कतें बढ़ चली हैं। पिछले 24 घंटे में जिले के अलग-अलग क्षेत्र निवासी तीन मरीजों ने दम तोड़ दिया। वहीं तीन अन्य मरीजों का गंभीर हालत में जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है। 28 मरीजों को 24 घंटे के अंदर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में शुक्रवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। जिला अस्पताल की ओपीडी में 677 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव मंछना निवासी रामभरोसे (80) को सांस लेने मेें दिक्कत होने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दन्नाहार क्षेत्र के गांव जसवंतपुर निवासी (95) को पिछले कुछ दिनों से निमोनिया की दिक्कत थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर बृहस्पतिवार की रात परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घिरोर थाना क्षेत्र के गांव फैजलपुर निवासी शैलेंद्र कुमार (28) पुत्र दिवारीलाल को पिछले कुछ दिनों से खून की कमी के चलते सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। बृहस्पतिवार की रात हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि तीनों मरीजों को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।