- जिला लेखा परीक्षा अधिकारी को डीपीआरओ ने भेजी परीक्षण के लिए जांच रिपोर्ट
समिति करेगी संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत नौनेर के ग्राम प्रधान रत्नेश कुमार दिवाकर के खिलाफ वित्तीय गबन, पदीय दायित्वों में मनमानी से जुड़े आरोपों की जांच से जुड़ी रिपोर्ट का हाईकोर्ट के आदेश पर परीक्षण होगा। डीपीआरओ ने परीक्षण के लिए जांच रिपोर्ट को जिला लेखा परीक्षा अधिकारी को भेज दिया है। इधर, पंचायतीराज विभाग हाईकोर्ट में दाखिल करने के लिए अपना जवाब भी तैयार कर रहा है।
सरकारी बजट के दुरुपयोग और पदीय दायित्वों में मनमानी से जुड़ी शिकायतों की जांच के बाद नौनेर ग्राम पंचायत के प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए गए थे। जिला विकास अधिकारी ने प्रधान पर लगाए गए आरोपों की जांच की और डीएम को अपनी रिपोर्ट दी थी। इसके बाद डीएसटीओ से मामले की जांच कराई गई।
डीएसटीओ ने अपनी जांच रिपोर्ट विभाग को सौंप दी। इसी बीच नौनेर प्रधान ने हाईकोर्ट का रुख कर लिया। हाईकोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच रिपोर्ट के आधार पर कोई भी अग्रिम कार्रवाई करने से पूर्व उसका परीक्षण कराए जाने का आदेश दिया। डीपीआरओ अवधेश सिंह ने बताया कि आदेश के क्रम में जांच रिपोर्ट को परीक्षण के लिए जिला लेखा परीक्षा अधिकारी को भेजा गया है।