मैनपुरी। भोले-भाले लोगों के पलक झपकते ही डेबिट कार्ड बदल कर खाते से रुपये उड़ाने वाले 3 बदमाशों को साइबर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किए। एसपी ग्रामीण अरुण कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 47 कार्ड, कार और 45,500 रुपये की नकदी बरामद की है।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि कुछ दिन पहले शहर के रहने वाले राहुल कुमार की ओर से एक शिकायत दी थी। इसमें कहा था कि किसी ने उनका कार्ड बदल कर खाते से 48,500 रुपये निकाल लिए हैं। मामले की जांच एसपी गणेश प्रसाद साहा ने साइबर थाना पुलिस को सौंपी थी। साइबर सेल के एसआई अमित सिंह, महिपाल भदौरिया, जागेंद्र चौधरी, मनोज कुमार ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य तथ्यों पर जानकारी जुटाना शुरू कर दिया। बृहस्पतिवार को एक सूचना पर ईशन नदी पुल के पास दबिश देकर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ करने पर पकड़े गए शातिरों ने अपने नाम अमन पाल निवासी ग्रीन वैली काॅलोनी अटोर गाजियाबाद, ललित पाल निवासी महालक्ष्मी एनक्लेव करावल नगर दिल्ली और अवनीश पाल निवासी जौनापुर दिल्ली बताया। इन लोगों ने राहुल का एटीएम कार्ड बदल कर खाते से रुपये निकालने का अपराध स्वीकार किया।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि तीनों ही बेहद शातिर और अभ्यस्त अपराधी हैं। वह लोग पहले भी धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुके हैं। इनके कब्जे से 45,500 रुपये की नकदी, वारदात में प्रयुक्त कार व 47 अलग अलग बैंक के एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं।