मथुरा में गोवर्धन परिक्रमा देने जा रहे भरतपुर घुश्यारी गांव निवासी बाइक सवार तीन दोस्तों की ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा सौंख-गोवर्धन मार्ग पर गांव फोडर के पास हुआ। तीनों युवक दोस्त थे।
तीनों सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे। गांव में तीन शव एक साथ पहुंचे तो कोहराम मच गया। आसपास के घरों में चूल्हे नहीं जले। उधर, चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर पकड़ लिया।
भरतपुर के गांव घुश्यारी निवासी गुरदीप (20) पुत्र चंद्रभान, मुनेश (22) पुत्र मुंशीराम शर्मा और मोहित (21) पुत्र हरवीर तीनों दोस्त थे। बुधवार की शाम तीनों दोस्त बाइक से गोवर्धन की परिक्रमा देने के लिए घर से निकले थे।