आगरा में नीट की तैयारी कर रहे छात्र को उसके परिचित युवकों ने तमंचा पकड़ाकर वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर रंगदारी मांगनी शुरू कर दी। शिकायत और कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आगरा में नीट की तैयारी कर रहे छात्र को तमंचा थमाकर वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छात्र की ओर से उपलब्ध कराई गई कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच का आधार बनाया गया है।
विज्ञापन
पीड़ित पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया था कि उनका पुत्र नीट की तैयारी कर रहा है। आरोप है कि 25 मई को पुराने परिचित आशू, हनी और संभव उसे ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित लाइब्रेरी से घुमाने के बहाने अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे चीनी का रोजा पार्क ले जाकर मारपीट की। हनी ने तमंचा निकालकर जबरन उसके हाथ में पकड़ा दिया। संभव ने उसका वीडियो बना लिया।
इसके बाद आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए उससे हर सप्ताह पांच हजार रुपये की मांग की। डरकर बेटे ने उन्हें 800 रुपये उसी समय दे दिए। लगातार धमकियों से परेशान होकर छात्र ने आरोपियों के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय ने सभी को जेल भेज दिया है।