नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक युवती समेत तीन लोगों की जान चली गई। एक युवती की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतका आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी क्षेत्र की रहने वाली थी, वो मंगेतर व भाई बहन के साथ नोएडा शादी की शॉपिंग करने गई थी।
हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र निवासी सतेंद्र गुप्ता का परिवार करीब 15 वर्ष से आगरा के ट्रांस यमुना कालोनी में रह रहा है। सतेंद्र ट्रांसपोर्टर हैं।
उनकी पुत्री नेहा की शादी 29 जनवरी को छिबरामऊ निवासी अंकुर के साथ होने वाली थी। घरों में शादी की खुशियों के साथ ही तैयारियां चल रहीं थीं। नेहा अपने मंगेतर अंकुर के साथ शॉपिंग करने के लिए नोएडा गई थी।
उसके साथ भाई कार्तिकेय व छोटी बहन दीक्षा भी थी। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे सभी नोएडा से वापस आगरा आ रहे थे। इसी बीच नोएडा एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल प्लाजा के करीब कोहरे के कारण कार कंटेनर से टकरा गई।