लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को आगरा आ रहे हैं। वो यहां कोठी मीना बाजार मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनकी रैली के मद्देनजर सुरक्षा के ऐसे कड़े इंतजाम किए गए हैं कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में तीन हजार से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स भी लगाई गई है। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के कमांडो भी रहेंगे।
खेरिया एयरपोर्ट से कोठी मीना बाजार तक छतों पर सुरक्षा (रूफ टॉप सिक्योरिटी) भी रहेगी। डी के अंदर सुरक्षाकर्मियों के अलावा किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। रैली स्थल पर मेटल डिटेक्टर मशीनें लगाई जाएंगी। इनके भीतर से होकर ही प्रवेश दिया जाएगा।
विज्ञापन
आठ जिलों से मंगाया गया फोर्स
प्रधानमंत्री की रैली के लिए तैयार किया गया मंच
- फोटो : अमर उजाला
चेकिंग के लिए महिला पुलिस भी लगाई जाएगी। खुफिया एजेंसियां पहले से सक्रिय कर दी गई है। बम डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस) और डॉग स्क्वाड निरंतर चेकिंग कर रहे हैं। एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (एटीएस) भी तैनात होगा।
प्रधानमंत्री मोदी की रैली की सुरक्षा के लिए आगरा जोन के आठों जिलों से फोर्स मंगाई गई है। इनमें 1500 कांस्टेबल, 20 डिप्टी एसपी, 10 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स और सात पुलिस अधीक्षक शामिल हैं। एनएसजी और एसपीजी के जवान भी रहेंगे।
एडीजी जोन अजय आनंद ने पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ रैली स्थल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। डीआईजी लव कुमार और एसएसपी अमित पाठक भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे।
विरोध करने वालों की बन रही सूची
दीवारों पर लिखे नारे
- फोटो : अमर उजाला
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने आगरा आए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने कार्यक्रम स्थल के पास प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर लगाए हैं। दीवारों पर 'पीएम गो बैक' के नारे लिखने के साथ भाजपाइयों के होर्डिंग पर पोस्टर चस्पां किए हैं।
कुछ लोग मोदी की रैली में नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इसकी जानकारी खुफिया एजेंसियों को लगी है। ऐसे लोगों की सूची बनाई जा रही है। पुलिस प्रशासन के अधिकारी इनसे पहले ही बात करेंगे। अगर ये नहीं मानते हैं तो इन्हें रैली के दौरान नजरबंद किया जा सकता है।
उधर, प्रधानमंत्री मोदी की रैली को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां कर ली हैं। दो प्राइवेट हॉस्पिटल समेत तीन सेफ रूम बनाए गए हैं। कोठी मीना बाजार मैदान में 15 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी।
एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी के अलावा फतेहाबाद रोड स्थित शांति मांगलिक हॉस्पिटल और दिल्ली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल में सेफ रूम बनाया गया है। सेफ रूम में विशेषज्ञ चिकित्सकों का पैनल प्रधानमंत्री के रवाना होने तक रहेगा।
एयरपोर्ट से रैली स्थल कोठी मीना बाजार मैदान तक 15 विशेषज्ञों की टीम साथ रहेगी, क्रिटिकल एंबुलेंस भी मौजूद रहेगी। एसएन ब्लड बैंक में प्रधानमंत्री के रक्त ग्रुप का ब्लड रिजर्व में रखने के निर्देश दिए गए हैं।