होली के त्यौहार पर कोसीकलां के गांव राजागढ़ी में तालाब में नहाने गए पांच युवक डूब गए। ग्रामीणों दो युवकों को सकुशल निकाल लिया, जबकि तीन युवकों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जिससे गांव में मातम छा गया।
सूचना मिलने पर एसडीएम, सीओ फोर्स सहित मौके पर पहुंचे। तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। कोसी-शेरनगर मार्ग स्थित गांव राजागढी में होली के त्योहार मनाने के बाद दोपहर डेढ़ बजे गांव से एक किलोमीटर दूर शिव भट्टा के समीप बने एक तालाब में गांव के पांच युवक पवन, राहुल, पालेन्द्र , गुलशन, आशीष अन्य साथियों के साथ नहाने के लिए गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पांचों युवक एक के बाद एक तालाब में कूद गए। वहां मौजूद ग्रामीणों ने देखा कि पांचों युवकों में से एक भी ऊपर नही आया तो शोर मचाकर भट्टा के मजदूरों को बुला लिया और तालाब में डूबे युवकों को निकालने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। जैसे-तैसे लोगों ने गुलशन (15), पुत्र श्यामबाबू, आशीष (14), पुत्र रामबाबू को सकुशल निकाल लिया।
जबकि पवन (18), पुत्र रग्धो, राहुल (15) पुत्र पप्पू , पालेन्द्र (17) पुत्र निहाली को निकालाने में काफी समय लगा गया। उन्हें तलाब से निकालकर लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सको ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। गांव की होली बंद हो गई। एसडीएम रामदत्त राम, सीओ जगदीश कालीरमन फोर्स सहित पहुंचे। एसओ आरपी भाटी ने बताया कि पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।