कासगंज के कस्बा पटियाली में शनिवार को रहस्यमय बुखार से तीन बच्चों की मौत हो गई। 12 घंटे में तीन बच्चों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। मरने वाले बच्चों में दो सगे भाई-बहन हैं। वहीं मोहल्ले के लोग भी बच्चों की मौत के बाद से सहमे हुए हैं।
कस्बा के मोहल्ला चौक निवासी अनिल कुमार की सात वर्षीय पुत्री कीर्ति बुखार-जुकाम से पीड़ित थी। परिजनों के अनुसार उसके गले में दर्द हो रहा था। परिजनों ने उसे चिकित्सक को दिखाया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली।
इसके बाद बच्ची को पटियाली के स्वास्थ्य केंद्र भी ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे बाहर ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे कासगंज के निजी चिकित्सक के पास लेकर आए। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे कीर्ति ने दम तोड़ दिया।
तीन बच्चों की मौत से सहमे लोग
मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार सुबह परिजन कीर्ति का शव अंतिम संस्कार के लिए गंगा घाट ले गए। जब वे उसका अंतिम संस्कार कर रहे थे तभी अचानक उनके छोटे बेटे निर्देश (एक वर्ष) की मौत हो गई। बताया गया कि उसे अचानक तेज बुखार के साथ ही गले में दर्द की शिकायत महसूस हुई।
इसी बस्ती में रहने वाले राम कश्यप के दो वर्षीय पुत्र मयंक को भी चिकित्सक ने बुखार के साथ ही गले, सीने में जकड़न की शिकायत बताई। सुबह करीब चार बजे उसकी भी मौत हो गई। एक के बाद एक तीन बच्चों की मौत से बस्ती के लोग सहम गए।
जब इस बात की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को हुई तो हड़कंप मच गया। चिकित्सकों की टीम बस्ती में पहुंच गई। एसडीएम शिवकुमार भी सूचना पर बस्ती में पहुंच गए। एसडीएम ने लोगों से मामले की जानकारी ली।
चिकित्सा अधीक्षक पटियाली डॉ कुलदीप ने बताया कि एक ही बस्ती में कुछ समय के अंतराल में बुखार से तीन बच्चों की मौत हुई है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बुखार किस प्रकार का है। बुखार किस वायरस से जुडा है इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही बुखार का प्रकार स्पष्ट हो सकेगा।