हत्याकांड का खुलासा करते एसएसपी बबलू कुमार
- फोटो : अमर उजाला
आगरा जिले के खेरागढ़ क्षेत्र में हुई ऑटो चालक शहीद की हत्या का खुलासा पुलिस ने 36 घंटे में कर दिया। पुलिस के अनुसार शाहिद की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी राहुल हुसैन से निकाह के लिए रची थी। राहुल ने अपने दोस्त इमरान के साथ हत्या की। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या में प्रयुक्त छुरा और ऑटो बरामद कर लिया गया है।
10 जुलाई को खेरागढ़ के दूधाधारी के जंगल में ईदगाह कटघर निवासी शाहिद खान पुत्र हबीब खान का शव मिला था। वो धनौली के रैना नगर में रह रहा था। गर्दन काटकर हत्या की गई थी।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि मामले में रविवार को धनौली के रैना नगर निवासी राहुल हुसैन और इमरान को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि शाहिद की पत्नी गजाला के संबंध राहुल हुसैन से थे। इसका पता शाहिद को चल गया। उसने पत्नी से मना किया, लेकिन वो नहीं मानी। इसको लेकर दोनों में झगड़ा होता।