मैनपुरी। आगरा रोड बाईपास स्थित एक स्कूल की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और विरोध पर परिजन को सरिया डंडों से पीटने वाले आरोपी रविवार को तीसरे दिन भी पकडे़ नहीं जा सके हैं। पीड़ित की तहरीर पर 63 लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, छेड़छाड़, जानलेवा हमला, बलवा सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। लेकिन अभी तक आरोपी बेसुराग हैं।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक युवक की दो पुत्रियों को कई दिनों से स्कूल में पढ़ने वाला एक छात्र परेशान कर रहा था। अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ कर रहा था। जानकारी होने के बाद जब छात्राओं के चचेरे भाई ने विरोध किया तो शुक्रवार की दोपहर उसकी लाठी डंडा से पिटाई की गई थी। जानकारी होने के बाद जब छात्राओं के पिता व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तो उन पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। युवक के सीने पर तमंचा से गोली मारी गई थी लेकिन मिस हो गई थी। इस मामले में नाबालिग छात्र, शिवम चौहान, जंगी पंडित सहित कुछ 63 लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। लेकिन घटना के तीसरे दिन रविवार को भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। घटना के बाद से ही छात्राएं व परिजन दहशत में हैं।