किशनी के गांव बोझा में चोरी के बाद जानकारी लेती पुलिस
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। किशनी थाना क्षेत्र के गांव बोझा में सोमवार की रात चोरों ने तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान व दो होमगार्डस के घर से करीब छह रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
थाना क्षेत्र के गांव बोझा निवासी श्रीकृष्ण यादव बीएसएफ से सेवानिवृत्त हैं। वर्तमान में वह बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी कर रहे हैं। घर पर पत्नी श्रीदेवी, पुत्र रवि व पुत्रवधू रीना रहते हैं। सोमवार की रात किसी समय चोर जंगला उखाड़कर घर के अंदर दाखिल हो गए। यहां से चोर एक अलमारी व बक्से में रखी करीब एक किलो चांदी, सोने की चार चेन, 10 अंगूठी, दो जोड़ी कान की झुमकी, दो सोने की चूड़ी व 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
चोरों ने पड़ोस में रहने वाले सगे भाई ओमवीर व रामवीर के घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दोनों घरों से करीब 33 हजार रुपया नकद चोरी कर ले गए। दोनों भाई होमगार्ड हैं और थाने में तैनात हैं। चोरी की सूचना पर एसआई संजीव दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव में चोरी की सूचना पर स्वाट टीम प्रभारी आरएन यादव टीम के साथ जांच करने पहुंचे। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम के एक्सपर्टस ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच के लिए नमूने एकत्र किए। डॉग स्कवॉड की टीम ने भी सुरागकशी की।