अमांपुर। कस्बे में लगातार चोरियों का सिलसिला चल रहा है। चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोरों ने लाखों रुपये की नकदी व जेवर चुरा लिए। दरवाजों के ताले तोड़कर चोर घर में घुस गए और वारदात को अंजाम दे दिया। पीड़ित परिवार शादी समारोह में हिस्सा लेने गए थे।
चोरी की यह वारदात महाराणा प्रताप नगर में शनिवार की रात को हुई। चोरों ने शीलेंद्र सिंह के मकान पर धावा बोला। शीलेंद्र परिवार सहित कासगंज में शादी समारोह में हिस्सा लेने गए थे। चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। कमरे के और अलमारी व बक्सों के ताले तेाड़ दिए। चोर साढ़े चार लाख रुपये की नकदी एवं सौ ग्राम सोने व करीब 600 ग्राम चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरी की दूसरी वारदात महाराणा प्रताप नगर में ही राजपाल सिंह के घर में हुई। राजपाल सिंह व परिवार के लोग भी कासगंज में शादी में गए थे। चोरों ने गेट का ताला तोड़ा। अलमारी बक्से के ताले कुंडे तोड़कर 48 हजार रुपये की नकदी व सौ ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी की वारदात से महाराणा प्रताप नगर में लोग भयभीत हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और चोरी की वारदात की प्राथमिकी दर्ज कर ली।