फिरोजाबाद में रामगढ़ थाना अंतर्गत रैपुरा-चनौरा मार्ग पर हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बृजेश उर्फ बंटी की हत्या उसके साथियों ने चोरी के माल में हिस्सा नहीं देने पर की थी। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थाना रामगढ़ क्षेत्र में विगत 22 जून को रैपुरा-चनौरा मार्ग स्थित खत्ताघर के पास बृजेश उर्फ बंटी (20वर्ष) की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई प्रदीप ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामगढ़ पुलिस टीम ने टिंका उर्फ शिवकुमार और मोनू उर्फ गवेंद्र निवासी संतोष नगर थाना उत्तर को पकड़ा।
पूछताछ में दोनों ने बृजेश उर्फ बंटी पुत्र रमेश चंद्र निवासी संतोषनगर थाना उत्तर की हत्या में शामिल होना स्वीकार किया। दोनों ने पिछले साल महादेव नगर निवासी डॉ तारा सिंह के यहां चोरी की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें लाखों के जेवरात मिले थे। बंटी ने चोरी के माल में टिंका और मोनू को हिस्सा नहीं दिया था।
आरोपियों की मानें तो मृतक बंटी के पास सुशील उर्फ सट्टा के काफी रुपए थे, जिन्हें वो वापस नहीं कर रहा था। इसी के चलते तीनों ने बंटी को चनौरा स्थित एक मकान में ले जाकर शराब पिलाई। रास्ते में एक सूनसान जगह पर उससे मारपीट की।
सुशील ने पिस्टल से गोलियां मारी और तीनों पकड़ने जाने के डर से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त दो तमंचे, चार कारतूस और लाल रंग की बाइक बरामद की है। जबकि तीसरे हत्यारोपी सुशील उर्फ सट्टा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।