गेट का ताला तोड़कर घुसे चोर
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि थाना का एक गेट बोदला-लोहामंडी मार्ग पर है। यह बंद रहता है। यहां पर झाड़ियां हैं। इस गेट से अंदर 25 मीटर की दूरी पर थाना के भवन में बना मालखाना का पिछला गेट और खिड़की है। चोर ने पहले खिड़की का गेट खोलने का प्रयास किया। सफल नहीं होने पर गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर दिया।
इसके बाद बक्से का ताला तोड़कर 25 लाख रुपये चोरी कर लिए। यह कैश 13 अक्तूबर को आवास विकास कालोनी के सेक्टर तीन में रहने वाले रेलवे के ठेकेदार प्रेमचंद के घर से चोरी की घटना के खुलासे में आरोपी से बरामद किया गया था। यह रकम उसने सोना बेचकर अपने पास रखी थी। चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बक्से में रखा था 3.962 किलोग्राम सोना और असलहे
रेलवे ठेकेदार के घर में चोरी के खुलासे में पुलिस ने 24 लाख रुपये कैश के साथ ही 3.962 किलोग्राम सोने की ब्रेड भी बरामद की थीं। यह भी बक्से में रखा हुआ था। इसके अलावा दो पिस्टल भी रखी थीं। मालखाने में अभियुक्तों से बरामद सोने चांदी के जेवरात और असलहे रखे होते हैं।
मालखाने में घटना के बाद यही सूचना मिली कि सोना, पिस्टल और 25 लाख रुपये चोरी हुए हैं। इस पर पुलिस ने जांच की। मगर, सोने के जेवरात और पिस्टल रखी मिल गईं। इस पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
आखिर क्या कर रहे थे पुलिस वाले?
थाना के कार्यालय में तीन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रात में लगी थी। इसके अलावा हेड मोहर्रिर भी मालखाने पर ताला लगाकर जाते हैं। चोर ने ताले तोड़े, लेकिन कार्यालय में पुलिसकर्मियों को पता नहीं चला।
लापरवाही पर थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार तिवारी के अलावा रात्रि अफसर एसआई रामनिवास, आरक्षी जितेंद्र सिंह, सुखवीर सिंह, महिला सिपाही साजदा और हेड मोहर्रिर प्रताप भान सिंह को निलंबित कर दिया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं, लेकिन कोई संदिग्ध नजर नहीं आया।
एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि थाना जगदीशपुरा के मालखाने के पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर 25 लाख रुपये चोरी की वारदात हुई है। लापरवाही पर प्रभारी निरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच कराई जाएगी। चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज करके टीमों को चोर की धरपकड़ के लिए लगाया गया है।