सीसीटीवी में कैद चोर की तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के थाना एत्माद्दौला पुलिस ने पांच चोरों को पकड़कर चोरी की घटनाओं का खुलासा किया ही था, इसी दौरान एक और वारदात हो गई। चोरों ने इस बार सिपाही के घर को ही निशाना बना डाला। घर से करीब एक लाख रुपये के जेवरात और 20 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पीड़ित सिपाही ने थाना में तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
कालिंदी विहार के बृज कुंज कॉलोनी निवासी जयप्रकाश फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर थाना में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उनकी साली की शादी है। इस कारण वो एक जून से शादी की तैयारी में लगे थे। वह ससुराल गए हुए हैं। घर पर रखवाली के लिए एक रिश्तेदार को बता दिया था। वह रात में सोने आते थे। दिन में चले जाते थे।
पीड़ित ने पुलिस को दिखाया आईना: सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़ा चोरों का गैंग
शनिवार को रिश्तेदार सिपाही के घर से चले गए। इसका फायदा उठाकर दिन में चोर घुस गए। उन्होंने कमरों के गेट के कुंडे तोड़ दिए। इसके बाद अलमारी को खोलकर करीब एक लाख रुपये के जेवरात और 20 हजार रुपये चोरी कर लिए। शाम को जब रिश्तेदार सिपाही के घर आए तो घटना का पता चला। उन्होंने थाना में तहरीर दी।
कॉलोनी में एक घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दो चोर नजर आ रहे हैं। वह मुख्य गेट से अंदर घुसते हैं, घटना करने के बाद छत से पीछे खाली पड़ी जगह में कूदकर भाग निकलते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि चोरी की घटना तब हुई, जब पुलिस ने शनिवार को पांच चोरों को पकड़कर कई घटनाओं का खुलासा किया था।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।