फतेहाबाद फोटो।चोरी के बाद खुला संदूक बिखरा पड़ा सामान , घटना के बारे में परिजन से जानकारी करती
फतेहाबाद। निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव नाथूपुरा में शुक्रवार रात छत पर बने कमरे का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये कीमत के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद ले गए। गृहस्वामी ने भैंस बेचकर मिले रुपये दूसरी भैंस खरीदने के लिए घर में रखे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव नाथूपुरा थाना निबोहरा निवासी हरिपाल पुत्र कालीचरन ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य नीचे के कमरों में सो रहे थे। छत पर बने कमरे में ताला लगा था। रात में चोर पीछे की दीवार के रास्ते छत पर पहुंचे। कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे संदूक से छह सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, चांदी की करधनी, एक पायल तथा डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह करीब पांच बजे पत्नी प्रतिमा छत पर पहुंची, तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां एक पाजेब और 3500 रुपये नकद कमरे में ही पड़े मिले। पुलिस को सूचना दी गई। हरिपाल ने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने भैंस बेची थी, उसी के डेढ़ लाख रुपये घर में रखे थे। उन्हें दूसरी भैंस खरीदने के लिए हाट जाना था, लेकिन उससे पहले ही चोरी हो गई। निबोहरा पुलिस का कहना है प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जिस कमरे में चोरी होना बताया जा रहा है, उसका ताला टूटा नहीं मिला, बल्कि चाबी से खोला गया प्रतीत होता है। कमरे से कुछ नकदी और आभूषण भी बरामद हुए हैं। चोर आधा सामान ले जाएं और आधा छोड़ दें, यह सामान्य बात नहीं है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।