बरनाहल। थाना क्षेत्र के गांव नगला शोभा में बुधवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक मकान के ताले तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के सभी लोग गांव में चल रही श्रीमद् भागवत कथा सुनने गए थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
थाना क्षेत्र के गांव नगला शोभा में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है। बुधवार को गांव निवासी कृष्णवीर सिंह घर में ताला लगाने के बाद परिवार के साथ कथा सुनने के लिए गए थे। मौके का फायदा उठाकर चोरों ने दोपहर के समय घर के ताले तोड़ दिए। चोर अलमारी व बक्सों में रखी लाखों रुपये की नकदी व जेवर चोरी कर ले गए। शाम करीब तीन बजे कृष्णवीर जब किसी काम के लिए घर आए तो चोरी की जानकारी हो सकी। घर के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
कृष्णवीर ने बताया कि चोर भागवत के लिए चंदा में आए 1.50 लाख सहित ढाई लाख रुपये की नकदी, चार सोने की चूड़ी, दो चेन, दो जोड़ी झाले, दो जोड़ी झुमकी, सात अंगूठी, दो करधनी, तीन जोड़ी पायल, एक जोड़ी कानों की बाली, एक जोड़ी कुंडल, चांदी के सिक्के सहित करीब 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं। पीड़ित कृष्णवीर की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। इंस्पेक्टर नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। पुलिस जांच करने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी है।