फतेहपुर सीकरी के ओलेंडा में एक महीने में दूसरी बार चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने घर के ताले तोड़कर लाखों के माल पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम ओलेंडा में एक माह में ही दूसरी बार चोरों लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती दी है। बृहस्पतिवार रात ग्रामओलेंडा में श्यामवीर परमार पुत्र अर्जुन सिंह परमार के घर में ऊपर के रास्ते प्रवेश कर चोरों ने कमरों में प्रवेश किया और उसमें रखी अलमारी की लॉकर तोड़ कर सोने चांदी के आभूषण और 70,000 रुपए नगद चोरी कर भाग गए।
विज्ञापन
घटना की जानकारी पीड़ित परिवार को जागने पर हुई। घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह मौके पर पहुंच गए। बताया गया है कि चोरों ने 70,000 रूपये नकद, सोने का मंगल सूत्र, चार अंगूठी , एक गले का हार, कानों के बृजमाला, झुमकी आदि समान चुरा लिया।
बता दें विगत 24 जुलाई की रात को भी ओलेंडा में ही चोरों ने बृजेश शर्मा के घर में घुसकर करोड़ों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उससे पूर्व जुलाई माह में ही हुई चोरी का पुलिस द्वारा खुलासा भी किया गया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं डाबर खानुआ मार्ग पर सिरौली में सड़क किनारे गयाप्रसाद पुत्र फगुनी के खोखा के ताले तोड़ कर चोरों ने हजारों की कीमत का परचून का सामान और नकदी चुरा ली। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी है।