मोहनपुर (कासगंज)। कस्बे में चोरों ने एक किराना की दुकान में छत के रास्ते प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से 1.35 लाख की नकदी सहित लाखों रुपये मूल्य का मेवा मसाला आदि चोरी कर ले गए। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेठ नाथूराम किराना स्टोर में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान में छत के रास्ते प्रवेश किया। इसके बाद बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान के गल्ले में रखे 1.35 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके साथ ही काजू, बादाम, पिस्ता, छुआरे सहित मसले व अन्य सामान को चोरी कर लिया। दुकान स्वामी विकास गुप्ता के पुत्र अंश व ईशू सुबह जब अपनी दुकान खोलने के लिए गए तो दुकान को अस्त व्यस्त देखकर दंग रह गए। उन्होंने मामले की जानकारी अपने पिता को दी। सूचना पर विकास अपनी दुकान पहुंच गए। दुकान के गल्ले में रखी नकदी व अन्य सामान गायब पाकर उनके होश उड़ गए। जब आसपास के लोगों को चोरी की वारदात की जानकारी मिली तो सनसनी फैल गई। काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मामले की जानकारी चौकी पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। दुकान स्वामी ने पुलिस को मामले की तहरीर दी।