25एमएनपी-26- रामनगर क्षेत्र के गांव किशनपुर में चोरी के बाद फैला पड़ा सामान
- फोटो : MAINPURI
किशनी/रामनगर। थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर मुरगिया में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने एक मकान में नकब लगाकर करीब पांच लाख रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार की सुबह जानकारी होने के बाद घर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पीड़ित की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर मुरगिया निवासी योगेंद्र उर्फ रिंकू यादव बृहस्पतिवार की रात गर्मी अधिक होने की वजह से घर के बरामदा में लेटे हुए थे। रात में किसी समय चोरों ने घर के पिछले हिस्से में नकब लगा दिया। नकब के रास्ते चोर एक कमरे में घुस गए और अल्मारी व बक्से में रखे एक सोने का हार, कंठी, चेन, मंगलसूत्र, चार चूड़ियां, छह अंगूठी, सोने के झाले, तीन जोड़ी पायल, करधनी, कमरपेटी, 35 हजार की नकदी सहित करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। शुक्रवार की सुबह जब परिजन जागे तो उन्हें इसकी जानकारी हो सकी। कमरे के पिछले हिस्से में नकब देख आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर कुसमरा चौकी प्रभारी रूपेश कुमार भी पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ित से जानकारी ली। योगेंद्र की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दो खाली बक्सा मिले
गांव निवासी योगेंद्र के घर में नकब लगाकर हुई चोरी की जानकारी मिलने के बाद एकत्र हुए ग्रामीणों ने आसपास तलाश की। घर के कुछ दूर योगेंद्र के घर से चोरी एक बक्सा खाली हालत में मिला। पुलिस ने भी निरीक्षण के दौरान गांव के बाहर से एक खाली बक्सा बरामद किया। चौकी इंचार्ज का कहना है कि पुलिस जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजेगी।